मतदाता सूची पुनरीक्षण: महिलाओं ने मारी बाजी, 9 महीने में जुड़े 8.18 लाख नए नाम; युवा भी दिखा रहे खास उत्साह

मतदाता सूची पुनरीक्षण: महिलाओं ने मारी बाजी, 9 महीने में जुड़े 8.18 लाख नए नाम; युवा भी दिखा रहे खास उत्साह
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के करीब 9 महीने बाद जारी मतदाता सूची के आंकड़ों ने एक बड़ा और सकारात्मक सामाजिक संदेश दिया है। प्रदेश में इस अवधि के दौरान कुल 8 लाख 18 हजार 563 नए नाम जुड़े हैं, जिसके बाद सामान्य मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। सर्विस वोटरों (71,530) को शामिल कर लिया जाए तो कुल मतदाताओं का यह आंकड़ा 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 तक पहुंच गया है।
इस पूरी प्रक्रिया का सबसे प्रेरणादायक पहलू यह है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने कहीं अधिक सक्रियता दिखाई है।
महिला मतदाताओं की संख्या में जबरदस्त उछाल
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 9 महीनों में महिला मतदाताओं की संख्या में 4 लाख 38 हजार 361 की भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि पुरुष मतदाता 3 लाख 80 हजार 169 ही बढ़े हैं। इसका मतलब यह है कि कुल नए मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 53.5 फीसदी रही है।
तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो:
पुरुष मतदाता: 2.79 करोड़ से बढ़कर करीब 2.82 करोड़ हो गए हैं।
महिला मतदाता: 2.60 करोड़ से बढ़कर करीब 2.65 करोड़ पहुंच गई हैं।
थर्ड जेंडर मतदाता: इनकी संख्या भी 904 से बढ़कर 937 हो गई है।
कुल सामान्य मतदाताओं की संख्या में करीब 1.52 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है, जो प्रदेश में महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक-सामाजिक जागरूकता को साफ दर्शाता है।
72 हजार के पार पहुंचे मतदान केंद्र, सुविधाएं भी बढ़ीं
मतदाताओं की सुविधा और सुगम मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं और 21 समाप्त किए गए हैं। इसके बाद अब प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 72,036 हो गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में हाल ही में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में सभी 230 विधानसभा सीटों की प्रारूप फोटो मतदाता सूची साझा की गई। इस सूची में सामान्य मतदाताओं के अलावा 71,530 सर्विस वोटर (68,978 पुरुष और 2,552 महिलाएं), 5 लाख 62 हजार 366 दिव्यांग और 184 अप्रवासी भारतीय मतदाता भी दर्ज हैं।
11 दिसंबर तक मौका, युवा भी बनवा सकते हैं वोटर आईडी
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो उनके पास सुनहरा अवसर है। निर्वाचन विभाग ने 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विशेष अभियान तिथियां: नागरिकों की सुविधा के लिए 21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिसमें लोग अपने बूथ पर जाकर नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी गलती को सुधारने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
नए युवा मतदाता: जो युवा 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी इस अभियान के तहत अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क: नाम जुड़वाने या सुधार के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। पात्र नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर से संपर्क कर सकते हैं या वोटर हैल्प एप्प व आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी सहायता के लिए चुनाव आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को मध्य प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन होगा। निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से यह भी अपील की है कि वे हर मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें, ताकि सूची पूरी तरह त्रुटिहीन रहे।







