शाहपुरा की इंद्रानगर मल्टी में देर रात हंगामा, बाइक और लोडिंग ऑटो में तोड़फोड़, देखें वीडियो

शाहपुरा की इंद्रानगर मल्टी में देर रात हंगामा, बाइक और लोडिंग ऑटो में तोड़फोड़
भोपाल, यश भारत। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र स्थित इंद्रानगर मल्टी में देर रात बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि बदमाशों ने मल्टी के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर रहवासियों को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, फरियादी राकेश यादव ने शिकायत दर्ज कराई है कि रात करीब ढाई बजे घर के नीचे अचानक शोर शराबा सुनकर वे बाहर निकले थे। आरोप है कि उस दौरान सचिन हिरे उर्फ अंजू और जय सिंह तोमर उर्फ चमन वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे थे। जब फरियादी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि इसके बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे रोहित पुवारे, सुमित सांकलें, सतीश सांवले और राहुल मीणा भी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने मल्टी के बाहर खड़े वाहनों में दोबारा तोड़फोड़ की और वहां मौजूद रहवासियों को भी धमकाया।
घटना के तुरंत बाद दहशत के कारण फरियादी और अन्य रहवासी थाने नहीं पहुंच सके। बाद में शाहपुरा थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई गई। शाहपुरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की आगे की जांच की जा रही है।







