री-नीट यूजी 2026 का रिजल्ट घोषित, 11.21 लाख अभ्यर्थी हुए क्वालिफाई 20 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने दी परीक्षा, अब मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया होगी शुरू
Re-NEET UG 2026 results declared; 11.21 lakh candidates qualified Over 20 lakh candidates took the exam; the medical counseling process will now begin.

री-नीट यूजी 2026 का रिजल्ट घोषित, 11.21 लाख अभ्यर्थी हुए क्वालिफाई
20 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने दी परीक्षा, अब मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया होगी शुरू
भोपाल यश भारत। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर शाम NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। तय समय पर रिजल्ट जारी होने से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सकेगी। अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। इस वर्ष NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक की घटना के बाद दोबारा आयोजित की गई थी। री-नीट परीक्षा में देश और विदेश के करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा भारत के 551 शहरों तथा विदेश के 14 शहरों में स्थापित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई। एनटीए के अनुसार इस परीक्षा में 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। सफल अभ्यर्थी अब एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष तथा अन्य संबद्ध मेडिकल एवं डेंटल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली केंद्रीय और राज्य स्तरीय काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के साथ ही अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है। अब मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) और संबंधित राज्य काउंसलिंग प्राधिकरण जल्द ही काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेंगे जिसके आधार पर सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें।







