अपडेट: छपारा अग्निकांड: सर्राफा व्यापारी के मकान में भीषण आग, 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 4 का सफल रेस्क्यू, शाट सर्किट से आग लगने की आशंका… देखें पूरा वीडियो

सिवनी । जिले के छपारा नगर में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक अग्निकांड सामने आया। महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में सुबह करीब 3 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में मौजूद लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि चिकित्सकों द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे छपारा नगर में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। एसपी कृष्ण लाल चंदानी ने कहा की प्रारम्भिक जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शाट सर्किट से आग लगी है, क्योकि बिजली के तार बुरी तरह जले है।
घटना के समय मकान में करीब छह लोग मौजूद थे। तड़के अचानक मकान से आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा।
मौके पर दमकल वाहनों के साथ कई एंबुलेंस भी तैनात की गईं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान मकान से छह लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने सभी छह को मृत घोषित कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया। आग की तीव्रता के कारण मकान के भीतर पहुंचने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं
फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
इस भीषण हादसे ने पूरे छपारा नगर को झकझोर कर रख दिया है। जिस मकान में कुछ घंटे पहले तक परिवार के सदस्य मौजूद थे, वहां सुबह आग की लपटों के बीच छह जिंदगियां समाप्त हो गईं। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास एकत्रित हो गए।
घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले:
– कुंदन लाल सोनी (75 वर्ष)
– राजकुमारी सोनी (65 वर्ष)
– ऋतु सोनी (42 वर्ष)
– स्मृति सोनी (40 वर्ष)
– सूर्या सोनी (45 वर्ष)
– आदित्य सोनी (16 वर्ष)
सुरक्षित बचाए गए:
– अमायरा सोनी (7 वर्ष)
– रितेश सोनी (45 वर्ष)
– सौरभ सोनी (43 वर्ष)
– आकर्ष सोनी (14 वर्ष)
फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। आग लगने के कारणों की जांच और प्रशासन की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।






