भोपालमध्यप्रदेश

वाजपेयी नगर मल्टी में बुजुर्ग महिला की हत्या: किराएदार महिला और उसका बेटा पुलिस हिरासत में, किराएदारों के बेरोक-टोक सत्यापन पर भड़के लोग

वाजपेयी नगर मल्टी में बुजुर्ग महिला की हत्या: किराएदार महिला और उसका बेटा पुलिस हिरासत में, किराएदारों के बेरोक-टोक सत्यापन पर भड़के लोग

भोपाल यश भारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की सनसनीखेज हत्या और लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एसआईटी और शाहजहानाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मल्टी के ए-1 ब्लॉक में रहने वाली एक संदिग्ध किराएदार महिला   रेखा और उसके बेटे  संजय को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का लूटा हुआ सामान भी बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज और पुलिस की घेराबंदी

वारदात के बाद पुलिस की फॉरेंसिक टीम और जांच अधिकारियों ने मल्टी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले थे। जांच के दौरान ए-1 ब्लॉक की इस महिला की संदिग्ध हलचल कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को आनंद फाइनेंस के पास से दबोच लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने वृद्धा के अकेले रहने की पूरी रेकी की थी। मृतका के शरीर से सोने के कड़े, हार, पायल, बिछिया और सोने का दांत तक उखाड़ लिए जाने से यह साफ हो गया था कि आरोपियों को घर की हर गतिविधि की पूरी जानकारी थी।

मल्टियों में किराएदारों के सत्यापन का मुद्दा फिर गरमाया

इस नृशंस वारदात के बाद एक बार फिर मल्टियों में बिना सत्यापन रह रहे किराएदारों की सुरक्षा का गंभीर मुद्दा खड़ा हो गया है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर किराएदारों का वेरिफिकेशन न किए जाने के कारण अपराधियों ने मल्टियों को अपना सुरक्षित ठिकाना बना लिया है। जिस ब्लॉक ए-1 में आरोपी महिला रह रही थी, उसी ब्लॉक में दो साल पहले भी एक 5 साल की मासूम की हत्या एक किराएदार द्वारा की जा चुकी है। बार-बार ऐसी घटनाओं के सामने आने से नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

चक्काजाम के बाद पुलिस ने तेज की कार्रवाई

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और रहवासियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस अब जल्द ही इस मामले का आधिकारिक तौर पर पूरा खुलासा करने की तैयारी में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button