Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

सुबह राख के ढेर में तब्दील मिली गृहस्थी; प्रशासन ने शुरू की राहत की तैयारी

जबलपुर, यशभारत। धनतेरस की रात जब पूरा शहर दीपोत्सव की खुशियां मना रहा था, उसी दौरान गाजी नगर स्थित झुग्गी बस्ती में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि करीब 50 परिवारों की वर्षों की गृहस्थी कुछ ही घंटों में राख हो गई। रात करीब दो बजे एक झुग्गी में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि आसपास की झोपड़ियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस भीषण अग्निकांड में करीब 50 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। हादसे के बाद प्रभावित परिवारों के सामने सिर छिपाने से लेकर खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।
 

गाजी नगर की इस बस्ती में 350 से अधिक झुग्गियां हैं। एक-दूसरे से सटी झोपड़ियों और संकरी गलियों के कारण आग के तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ था। आग की लपटें उठते ही बस्ती में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे तो कई परिवार अपनी आंखों के सामने गृहस्थी का सामान जलता देखते रह गए। कुछ लोगों ने बचा हुआ सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। सूचना पर पहुंचे दमकल वाहनों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने और उसे अन्य झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।

सुबह राख के ढेर में तलाशते रहे अपनी गृहस्थी

अग्निकांड के बाद शनिवार सुबह बस्ती का मंजर बेहद दर्दनाक था। जिन झुग्गियों में रात तक परिवारों का आशियाना था, वहां अब केवल जली हुई लकड़ियां, टीन की चादरें और राख का ढेर नजर आ रहा था। प्रभावित परिवार अपनी बची हुई सामग्री तलाशते रहे। किसी का घरेलू सामान जला तो किसी के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया। दीपावली की खुशियां इन परिवारों के लिए ऐसी त्रासदी में बदल गईं, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।

सुबह पहुंची राजस्व टीम, राहत और मुआवजे की तैयारी

घटना के बाद शनिवार सुबह राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से फिलहाल प्रभावितों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, नगर निगम को उनके अस्थायी रहने की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। राजस्व विभाग द्वारा सर्वे कर नुकसान का आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

   

इस संबंध में एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण सबसे पहले एक झुग्गी में आग लगी थी। इसके बाद आग ने आसपास की झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते करीब 50 झुग्गियां जल गईं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल प्रभावित परिवारों के खाने-पीने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। नगर निगम के माध्यम से उनके रहने की व्यवस्था कराई जाएगी। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का सर्वे करेगी और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button