ड्रग्स और अवैध शराब के नेटवर्क पर कसेंगे शिकंजा, स्कूल-कॉलेज और छात्रावासों में बनेंगी एंटी ड्रग्स समितियां, संभागायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ड्रग्स और अवैध शराब के नेटवर्क पर कसेंगे शिकंजा, स्कूल-कॉलेज और छात्रावासों में बनेंगी एंटी ड्रग्स समितियां, संभागायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
भोपाल, यशभारत। भोपाल संभाग को ड्रग्स और अवैध शराब से मुक्त करने के लिए प्रशासन अब सख्त अभियान चलाएगा। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ रासुका और एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शुक्रवार को आयोजित संभागीय अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी स्कूलों कॉलेजों विश्वविद्यालयों और छात्रावासों में एंटी ड्रग्स समितियां गठित करने के निर्देश दिए। समितियां विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देंगी। प्रत्येक छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त होगा। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी। मोहल्लावार समितियां भी बनाई जाएंगी। मेडिकल स्टोर और उद्योगों के माध्यम से होने वाले नशे के दुरुपयोग पर भी निगरानी रखी जाएगी।







