दीपावली पर भोपाल में सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम, पटाखा बाजारों में दमकल तैनात, प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

दीपावली पर भोपाल में सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम, पटाखा बाजारों में दमकल तैनात, प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
भोपाल, यशभारत। राजधानी में धनतेरस और दीपावली के त्योहारी सीजन को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गए हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस दीपोत्सव के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। न्यू मार्केट में हाल ही में हुई आग की घटना से सबक लेते हुए इस बार अग्निशमन अमले को विशेष रूप से अलर्ट मोड पर रखा गया है।
हर पटाखा मार्केट में दमकल और 400 कर्मचारियों की ड्यूटी
त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए नगर निगम के फायर अमले ने व्यापक तैयारी की है:
दमकल और पानी के टैंकर: शहर के 11 प्रमुख स्टेशनों (फतेहगढ़, जिंसी चौराहा, कोलार, होशंगाबाद रोड, रायसेन रोड और करोंद आदि) पर 30 दमकल वाहन और पानी से भरे 22 टैंकर हर वक्त तैयार रखे गए हैं।
पटाखा बाजारों में तैनाती: एहतियात के तौर पर हर पटाखा मार्केट में एक दमकल वाहन की स्थायी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
कर्मचारियों की तैनाती: दीवाली की रात सुरक्षा और निगरानी के लिए लगभग 400 कर्मचारियों की डबल शिफ्ट में विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
संकरी गलियों के लिए छोटी गाड़ियां: पुराने शहर के संकरे बाजारों और रिहायशी इलाकों में बड़े फायर व्हीकल के समय पर न पहुंच पाने की समस्या के समाधान के लिए छोटे दमकल वाहनों को अंदरूनी इलाकों में तैनात किया गया है।
प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक डायवर्जन और वन-वे व्यवस्था
त्योहार पर सुगम यातायात बनाए रखने और जाम से निजात पाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है:
10 नंबर मार्केट में वन-वे: 4 से 9 नवंबर तक जरूरत के अनुसार वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी रहेगी। वाहन वंदे मातरम चौराहे से प्रवेश कर मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। इसके विपरीत, नेशनल अस्पताल से 10 नंबर मार्केट और वंदे मातरम चौराहे की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
न्यू मार्केट का डायवर्जन: यातायात का दबाव बढ़ने पर रंगमहल चौराहे से थाना चौराहे और टीटी क्रॉस तिराहे से आने वाले वाहनों को मटका चौराहा व स्पोर्ट मार्ट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
सामान की लोडिंग-अनलोडिंग का समय: व्यापारियों से अपील की गई है कि वे दुकानों में सामान लाने और ले जाने का कार्य केवल रात 12:00 से सुबह 7:00 बजे के बीच ही करें, ताकि दिन में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को असुविधा न हो।
वाहन पार्किंग के लिए बनाए गए 5 नए जोन
पुराने शहर और प्रमुख बाजारों में आने वाले लोगों के लिए वाहन खड़े करने हेतु विशेष पार्किंग स्थल तय किए गए हैं:
पुराने शहर के लिए 5 पार्किंग स्थल: बाल विहार ग्राउंड भोपाल टॉकीज चौराहे के पास, मोती मस्जिद के सामने नगर निगम मल्टीलेवल पार्किंग, कोतवाली थाने के दाईं ओर, भवानी चौक और मोती मस्जिद के बीच, तथा भारत टॉकीज के पास सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान।
अन्य प्रमुख बाजार:
10 नंबर मार्केट: बिट्टन मार्केट, नगर निगम पार्किंग और मनोहर डेयरी के पास।
न्यू मार्केट: टीटी नगर थाना चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग।
एमपी नगर: जोन-1 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग व अन्य निर्धारित स्थल।
बैरागढ़: पंचानन चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग।







