भोपालमध्यप्रदेश

दीवाली पर सफाई कर्मियों की हड़ताल से भोपाल में पसरा कचरा, त्योहारी चमक फीकी

दीवाली पर सफाई कर्मियों की हड़ताल से भोपाल में पसरा कचरा, त्योहारी चमक फीकी

भोपाल, यशभारत।  रोशनी और उत्साह के महापर्व दीवाली से ठीक पहले मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सफाई कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और गली-मोहल्लों में कचरे के अंबार लग गए हैं। एक तरफ जहां लोग घरों को सजाने और त्योहार की खरीदारी में जुटे हैं, वहीं सड़कों पर फैला कचरा और बदबू प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल रही है।

400 से ज्यादा गाड़ियां खड़ी, प्रमुख इलाके प्रभावित

हड़ताल के दूसरे दिन भी हालात जस के तस बने हुए हैं। भोपाल में कचरा कलेक्शन करने वाली 400 से अधिक गाड़ियां गार्बेज स्टेशनों पर खड़ी हैं। शहर के व्यस्त इलाकों जैसे लिंक रोड नंबर-1 (पेट्रोल पंप के सामने), 5 नंबर स्टॉप, 7 नंबर स्थित एमपी नगर एसडीएम ऑफिस के सामने, शिवाजी नगर और तुलसी नगर में डस्टबिन ओवरफ्लो होकर कचरा सड़कों पर फैल गया है। इसके अलावा ईदगाहिल्स स्थित वाजपेयी नगर मल्टी के झंडा चौक पर भी कचरे के ढेर से स्थानीय रहवासियों का जीना मुहाल हो गया है।

मजबूरी में कचरा जलाने को मजबूर लोग

दो दिनों से घरों और बाजारों से कचरा न उठने के कारण आम नागरिकों और व्यापारियों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। लोग इस सड़ते कचरे से निजात पाने के लिए इसे जलाने को मजबूर हैं। चूना भट्टी समेत शहर के कई बाजारों में कचरे के ढेरों में आग लगाई जा रही है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ ही गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी पैदा हो गया है।

व्यापारियों ने संभाला मोर्चा, वार्ता रही बेनतीजा

त्योहार के समय बाजारों की इस दुर्दशा को देखते हुए न्यू मार्केट समेत कई प्रमुख बाजारों के व्यापारियों ने खुद आगे आकर वॉलिंटियर्स की मदद से साफ-सफाई कराई है। साथ ही, उन्होंने सफाईकर्मियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है।

दूसरी ओर, कर्मचारियों की चार सूत्रीय मांगें जिनमें बढ़ा हुआ वेतन, सरकारी कर्मचारी का दर्जा, अनुकंपा नियुक्ति और 25 हजार रुपए न्यूनतम वेतन तय करना शामिल है को लेकर यूनियन और नगरीय प्रशासन विभाग के एसीएस संजय दुबे के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही है। कर्मचारियों के अड़ियल रुख को देखते हुए आने वाले दिनों में शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर बड़ा संकट मंडराता नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button