धनतेरस के लिए बाजार गुलजार, सराफा व बर्तन बाजार में रहेगी सबसे ज्यादा भीड़, व्यापारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद

कटनी, यशभारत। रोशनी के महापर्व दीपावली की शुरूआत कल शुक्रवार को धनतेरस से हो रही है। धनतेरस पर कुछ न कुछ खरीदने की परंपरा का इस बार भी निवर्हन किया जाएगा, इसको लेकर शहर के बाजार सजकर तैयार हो गए हैं। बाजार में रौनक नजर आ रही है। आर्थिक मंदी के बावजूद दुकानदारों और व्यापारियों को अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है। सबसे ज्यादा भीड़ इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक, सराफा और बर्तन बाजार में रहेगी। खरीददारी का सिलसिला शाम से लेकर देर रात तक चलता रहेगा। सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, झंडा बाजार, गांधीद्वार सहित अन्य क्षेत्रों में फुटकर दुकानें भी लग गई हैं, जहां अगले तीन दिनों तक जमकर खरीददारी होगी।
क्या है मान्यता
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के ही दिन भगवान विष्णु के अंशावतार और देवताओं के वैद्य माने जाने वाले भगवान धन्वन्तरि का जन्म हुआ था। हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। धनतेरस से दीपोत्सव पर्व की शुरुआत होती है। इस शुभ अवसर पर भगवान धन्वंतरि मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करने का विधान है। धनतेरस पर खरीदारी शुभ मानी जाती है। सोना-चांदी लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति समेत आदि चीजों को खरीदना शुभ होता है। ऐसे में ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों, दुकानों, शोरूम की ओर से तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं।
इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक्स में भी होगी खरीदी
धनतेरस के एक दिन पहले आज गुरूवार को शहर के बाजारों में खरीदारी करने के लिए लोगो में खासा उत्साह देखा गया। इलेक्ट्रॉनिक, सराफा और फर्नीचर बाजार में किश्तों पर भी सामान उपलध है। मोबाइल, एलईडी टीवी, कार, बाइक, इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रॉनिक सहित तमाम तरह के सामान की जबर्दस्त बिक्री की उम्मीद से कारोबारियों को अच्छा व्यापार होने की संभावना है। सबसे ज्यादा रकम ऑटोमोबाइल्स सेक्टर खर्च होने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल्स के बाद सबसे ज्यादा रकम इलेक्ट्रॉनिकस आइटस पर खर्च किए जाने की उम्मीद है। बाजार में स्मार्ट मोबाइल, लैपटॉप, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, टैब आदि की खासी बिक्री हो रही है। कई कंपनियां एक्सचेंज ऑफर लेकर आई है, जबकि इंस्टॉलमेंट में भी ये आइटस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स आयटस में सबसे ज्यादा डिमांड वर्तमान में वाशिंग मशीन, आरओ वाटर प्यूरिफायर, माइक्रो ओवन की है।
धनतेरस पूजा शुभ मुहूर्त
1. पूजा का शुभ समय : शाम 6.02 बजे से शाम 7.57 बजे तक
2. प्रदोष काल : शाम 5.33 बजे से रात 8.09 बजे तक
3. वृषभ काल (स्थिर लग्न) शाम 6.02 बजे से शाम 7.57 बजे तक
खरीदारी का शुभ मुहूर्त
ृ1. शुभ चौघडिय़ा मुहूर्त सुबह 8.16 बजे से सुबह 9.48 बजे तक
2. अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11.48 बजे से दोपहर 12.56 बजे तक
3. दिन की अन्य शुभ खरीदारी समय : सुबह 11.36 बजे से दोपहर 12.24 बजे तक
4. शाम की खरीदारी समय : शाम 6.19 बजे से रात 8.17 बजे तक







