भोपाल, यश भारत।

भोपाल में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर के रास्ते शहर में लाते थे गांजा, करीब 4 किलो मादक पदार्थ, स्कूटी और 41 हजार रुपए नकद जब्त
भोपाल,यश भारत। राजधानी में गांजा तस्करी के खिलाफ गौतम नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो गांजा, एक स्कूटी और 41 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रायपुर के रास्ते बड़ी मात्रा में गांजा भोपाल लाते थे और शहर में पुड़िया बनाकर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस के मुताबिक पहली कार्रवाई नारियलखेड़ा स्थित नगर निगम कॉलोनी में की गई। यहां घर के सामने गांजे की पुड़िया बेच रहे 55 वर्षीय मनोज संकत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को 1 किलो 800 ग्राम गांजा और चार पुड़ियां मिलीं। वहीं, दूसरी कार्रवाई न्यू आरिफ नगर बस स्टैंड के पास की गई। यहां स्कूटी से गांजा लेकर जा रहे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। उनकी पहचान शिवा उर्फ शिवांशु संकत और शिवम महेश्कर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 1 किलो 903 ग्राम गांजा स्कूटी और 41 हजार रुपए नकद जब्त किए गए।
रायपुर से भोपाल तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रायपुर के रास्ते गांजा भोपाल लाते थे और यहां अलग-अलग जगहों पर बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







