भोपालमध्यप्रदेश

हैदराबाद प्रशिक्षण पर जाएंगे 14 आईपीएस,प्रमुख पदों पर नए अफसरों को कमान

मप्र पुलिस महकमे में फेरबदल: हैदराबाद प्रशिक्षण पर जाएंगे 14 आईपीएस,प्रमुख पदों पर नए अफसरों को कमान

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाए रखने के लिए गृह विभाग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित 28वें मिड कॅरिअर ट्रेनिंग प्रोग्राम फेज-III में हिस्सा लेने के लिए 14 भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों को कार्यमुक्त किया गया है। 20 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण के दौरान मैदानी स्तर पर कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने रवानगी से पूर्व ही वैकल्पिक कार्यभार व्यवस्था के तहत नए अफसरों को जिम्मेदारी सौंप दी है।

इन प्रमुख पदों पर की गई नई व्यवस्थाएं

शहडोल रेंज (डीआईजी): विवेक सिंह के स्थान पर शहडोल के पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवालको अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
नगरीय पुलिस भोपाल (अतिरिक्त पुलिस आयुक्त):शैलेंद्र सिंह चौहान की जगह मोनिका शुक्ला कार्यभार संभालेंगी।
मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी (उप निदेशक): रामजी श्रीवास्तव के स्थान पर राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी श्मि पाण्डेय जिम्मेदारी संभालेंगी।
ग्वालियर (पुलिस अधीक्षक): धर्मवीर सिंह के स्थान पर 13वीं वाहिनी के सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी कमान संभालेंगे।
23वीं वाहिनी विसबल भोपाल (सेनानी): प्रमोद कुमार सिन्हा का प्रभार 25वीं वाहिनी के सेनानी नागेंद्र सिंह को दिया गया है।
भोपाल (डीसीपी जोन-2): विकास कुमार सहवाल की अनुपस्थिति में डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता यह कार्यभार संभालेंगे।

सात जिलों सहित इन इकाइयों में नए अफसरों को मिली कमान

प्रशिक्षण पर जाने वाले सात जिलों के पुलिस अधीक्षकों और अन्य इकाइयों के प्रमुखों के स्थान पर निम्नलिखित अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है:

रायसेन: पुलिस अधीक्षक आशुतोष के स्थान पर रेल भोपाल के एसपी अंकित जायसवाल को कमान सौंपी गई है।
बड़वानी: पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला का प्रभार सेनानी विनोद कुमार सिंह को दिया गया है।
आगर मालवा: पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी की जगह सेनानी दीपक कुमार शुक्ला कार्यभार देखेंगे।
अनूपपुर: पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव के स्थान पर अंकित सोनी तैनात किए गए हैं।
मऊगंज: पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के स्थान पर मनोहर सिंह मंडलोई को जिम्मेदारी दी गई है।
डिंडोरी: पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के स्थान पर सेनानी सुनील तिवारी कार्यभार संभालेंगे।
रेल जबलपुर: एसपी सुंदर सिंह कनेश की जगह सिद्धार्थ चौधरी जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसके अलावा प्रशासनिक फेरबदल के तहत मनीष खत्री के स्थान पर हेलेन सोनाली सूना को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारियों को समय पर वैकल्पिक प्रभार सौंप दिए गए हैं ताकि थानों और प्रशासनिक स्तर पर जनहित के कार्य बिना किसी बाधा के संचालित होते रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button