भोपाल में खुलेगा देश का आठवां स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर , विदेश में नौकरी का सपना होगा आसान, युवाओं को विदेशी भाषा से लेकर इंटरव्यू तक की मिलेगी ट्रेनिंग

भोपाल में खुलेगा देश का आठवां स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर
विदेश में नौकरी का सपना होगा आसान, युवाओं को विदेशी भाषा से लेकर इंटरव्यू तक की मिलेगी ट्रेनिंग
भोपाल,यश भारत। विदेश में नौकरी करने का सपना देख रहे मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजधानी भोपाल में देश का आठवां स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर खोला जाएगा। इस सेंटर के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार पाने के लिए जरूरी कौशल और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। सेंटर में विदेशी भाषाओं की शिक्षा इंटरव्यू की तैयारी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने के लिए आवश्यक कौशल सिखाए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं को करियर काउंसलिंग के जरिए उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी। विदेशी कंपनियों में उपलब्ध नौकरियों और रोजगार के अवसरों से भी युवाओं को अवगत कराया जाएगा। इस सेंटर की खास बात यह होगी कि इसका लाभ केवल तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा। आईटीआई और पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों के साथ 10वीं-12वीं पास तथा गैर तकनीकी विषयों से पढ़ाई करने वाले युवा भी प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल से युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करने और विदेश में नौकरी के अवसरों तक पहुंच बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।






