मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पदयात्रा आज, दोपहर 12 से 6 बजे तक बदला रहेगा यातायात मार्ग

यश भारत, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आज, 2 नवंबर को जबलपुर में पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा दोपहर 3:30 बजे शहीद स्मारक, गोलबाजार से शुरू होगी।
मार्ग में जगह-जगह बनेंगे स्वागत मंच
पदयात्रा के निर्धारित मार्ग पर विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से स्वागत मंच बनाए गए हैं। यात्रा के गुजरने के दौरान इन मंचों के माध्यम से शामिल लोगों का स्वागत किया जाएगा।
पदयात्रा का निर्धारित मार्ग
भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि यात्रा गोलबाजार से शुरू होकर मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, अंधेरदेव, तुलाराम चौक और करमचंद चौक से गुजरते हुए पुनः मालवीय चौक के रास्ते गोलबाजार पहुंचकर समाप्त होगी।
भीड़ जुटाने के लिए विधायकों और संगठन को लक्ष्य
कार्यक्रम में उपस्थिति बढ़ाने के लिए पार्टी संगठन की ओर से जनप्रतिनिधियों, विशेषकर विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता और आम लोग समूहों में पहुंचेंगे। इसके अलावा पार्टी संगठन ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है।
विभिन्न जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, स्थानीय विधायक, निगम व प्राधिकरणों के पदाधिकारी, व्यापारिक, सामाजिक, खेल संगठनों के प्रतिनिधि तथा अधिवक्ता व चिकित्सक शामिल होंगे।
यातायात व्यवस्था व नो-एंट्री प्लान
कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने दोपहर 12:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को लेकर व्यवस्था में बदलाव किया है:
* मार्ग परिवर्तन: गोलबाजार, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा और करमचंद चौक क्षेत्र में दोपहिया, चारपहिया और ऑटो का प्रवेश बंद रहेगा। दमोह नाका और गोहलपुर की ओर से आने वाले वाहनों को बलदेवबाग व उखरी की तरफ मोड़ा जाएगा।
* व्यापारिक गतिविधियों पर असर: मुख्य बाजार क्षेत्रों में दोपहर 12 से शाम 6 बजे के बीच मालवाहक वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग पर प्रतिबंध रहेगा।
* पार्किंग स्थल:
* दोपहिया वाहन: महाकौशल स्कूल एवं अंजुमन इस्लामिया स्कूल परिसर।
* चारपहिया वाहन: एमएलबी स्कूल एवं डीएन जैन स्कूल परिसर।
* बसें: बाहरी जिलों से आने वाली बसों के लिए रानीताल स्टेडियम में पार्किंग तय की गई है।
यातायात पुलिस ने यात्रियों से असुविधा से बचने के लिए फ्लाई-ओवर और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा है।







