छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: पिकअप से टकराकर बस पलटी, 10 की मौत, 35 घायल

जबलपुर यश भारत । छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सेमरिया हनुमान मंदिर के पास शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन और एक बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अन नियंत्रित होकर पलट गई. बस भंडारकुंड करेर की बताई जा रही है, जिसमें कुल 47 लोग सवार थे.
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. निर्जन स्थान होने के कारण बिजली की कोई व्यवस्था नहीं थी, इसलिए स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला. पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है. 35 से अधिक एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचाने के काम में लगी रहीं.
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने बताया कि हादसा ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान हुआ. पिकअप में लहसुन लदा था. मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं. कुछ घायलों को नागपुर भी रेफर किया गया है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. सभी घायलों का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा. भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो घायलों के उपचार की सतत मॉनिटरिंग कर रहा है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जबलपुर से डॉक्टरों की एक टीम भी छिंदवाड़ा भेजी गई है. छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों तथा घायलों से मुलाकात कर राहत कार्यों का जायजा लिया. घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है और राहत कार्य जारी है.







