भोपाल ISBT पर DRI का बड़ा एक्शन, 4.321 किलो मेथामफेटामाइन जब्त दिल्ली से बस में सवार होकर भोपाल पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3.45 करोड़ रुपये आंकी गई कीमत

भोपाल ISBT पर DRI का बड़ा एक्शन, 4.321 किलो मेथामफेटामाइन जब्त
दिल्ली से बस में सवार होकर भोपाल पहुंचे दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3.45 करोड़ रुपये आंकी गई कीमत
भोपाल ,यश भारत। राजधानी भोपाल के ISBT बस स्टैंड पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.321 किलोग्राम मेथामफेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी दिल्ली से बस के जरिए भोपाल पहुंचे थे। DRI को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने रविवार सुबह ISBT बस स्टैंड परिसर में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ।
काले पाउच और ग्रे बैग में छिपाकर रखी थी ड्रग्स
कार्रवाई के दौरान पहले आरोपी के कब्जे से 4 किलो 71 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की गई, जबकि दूसरे आरोपी की पैंट से 250 ग्राम सफेद क्रिस्टल जैसा मादक पदार्थ मिला। आरोपियों ने ड्रग्स को काले पाउच और ग्रे बैग में छिपाकर रखा था। DRI ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद भोपाल में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी खेप कहां से लाए थे और भोपाल में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। मामले में आगे की जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।







