मध्य प्रदेशराज्य

सावधान! चाशनी में डूबा छलावा: ऐसे खपाया जा रहा है “मीठा जहर”… कार्यवाही में हुआ खुलासा

कहीं आप भी तो नहीं ले रहे हैं नकली खोया मिठाइयों का स्वाद.... 

रीवा । दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बनारस से बसों के जरिए खपाने लाई गई मिलावटी मिठाई व मिल्क केक की भारी खेप पकड़ी है। इस कार्रवाई के बाद एक बात तो साफ हो गई है कि बाजारों में मिलने वाली हर मिठाई और केक को खरीदने से पहले सावधानी बरतें, अन्यथा स्वास्थ्य की दृष्टि से यह घातक हो सकता है।

 

त्योहार के सीजन में मिलावटखोरों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए कलेक्टर के निर्देश पर यह त्वरित एक्शन लिया गया। मुखबिर की सटीक सूचना पर सक्रिय हुई खाद्य विभाग की टीम ने बस स्टैंड की घेराबंदी कर दी। जांच के दौरान जैसे ही गौतम ट्रैवल्स की बस स्टैंड पर पहुंची, अधिकारियों ने तलाशी शुरू की और बस से संदिग्ध मिठाइयों के पैकेट व भारी मात्रा में मिल्क केक बरामद कर लिया।

 

पूछताछ और प्रारंभिक पड़ताल में खुलासा हुआ है कि मिलावटी मिठाइयों की यह पूरी खेप उत्तर प्रदेश के बनारस से ‘आभा ट्रैवल्स’ के जरिए बुक कराई गई थी, जिसे रास्ते में ‘गौतम ट्रैवल्स’ की बस में शिफ्ट कर रीवा के स्थानीय बाजारों में खपाने की तैयारी थी।

 

अधिकारियों ने मौके पर ही पूरे माल को जब्त कर सैंपल सील कर दिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के मिलावटखोरों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के मद्देनजर जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button