तांत्रिक भाई-बहन के जाल में फंसी महिला, बेटे को वश में करने के नाम पर एक करोड़ की ठगी

तांत्रिक भाई-बहन के जाल में फंसी महिला, बेटे को वश में करने के नाम पर एक करोड़ की ठगी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के साकेत नगर इलाके में अंधविश्वास और तंत्र-विद्या के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। अपने बेटे को वश में करने और काबू में लाने के झांसे में आकर एक महिला ने तांत्रिक भाई-बहन को अपनी गाढ़ी कमाई और कीमती जेवर सौंप दिए। आरोपियों ने महिला से 625 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी और नकदी मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित महिला की शिकायत पर भोपाल क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
तंत्र-मंत्र का डर और भरोसे का जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकेत नगर में रहने वाली महिला कुछ समय पहले तांत्रिक भाई-बहन के संपर्क में आई थी। आरोपियों ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसके बेटे का व्यवहार और आचरण तंत्र-मंत्र के जरिए पूरी तरह बदला जा सकता है और उसे मां के वश में किया जा सकता है। इसी बात का झांसा देकर आरोपियों ने धीरे-धीरे महिला को अपने मानसिक शिकंजे में कस लिया और विभिन्न बहानों से बड़ी मात्रा में नकदी व कीमती धातुएं ऐंठते चले गए।
शातिर तांत्रिक भाई-बहन ने महिला से किस्तों में नकद रकम तो ली ही, साथ ही कुल 625 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी भी अपने कब्जे में ले ली। जब महिला को अहसास हुआ कि उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है और बेटे को सुधारने का वादा करने वाले आरोपी फरार होने की फिराक में हैं, तो उसने पुलिस की शरण ली। नकदी और सोने-चांदी के रूप में कुल ठगी की गई संपत्ति की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इन तांत्रिकों ने महिला को किस तरह अपने झांसे में लिया था और इस ठगी के रैकेट में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इसके अलावा, ठगे गए जेवर और नकदी को कहां ठिकाने लगाया गया है, इसका पता लगाने के लिए भी पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।







