जन सत्याग्रह : जिला प्रशासन की अर्थी रखकर प्रदर्शन, सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग, 27 दिन से धरने पर बैठे छात्र

कटनी, यशभारत। कटनी जिले में सरकारी मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज खोलने की मांग को लेकर छात्रों का जन सत्याग्रह पिछले 27 दिन से चल रहा है। कटनी एक्शन कमेटी के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने जिला प्रशासन की अर्थी रखकर विरोध जताया गया और जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारी कटनी में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज खोलने का विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जिले में सरकारी मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज खोले जाएं। छात्रों का कहना है कि सरकारी कॉलेज खुलने से आम और गरीब परिवारों के युवाओं को सुलभ और अच्छी शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 25 दिनों से मांगें रखे जाने के बावजूद शासन और प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले 27 दिनों से शासकीय उच्च शिक्षण संस्थानों की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं लेकिन शासन और प्रशासन मौन है। इसलिए सांकेतिक रूप से जिला प्रशासन की अर्थी रखकर विरोध जता रहे हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण कटनी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ रहा है।







