सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, एक महीने पहले शिव मंदिर में भी हुई थी वारदात

करोंद के भैरव बाबा मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, एक महीने पहले शिव मंदिर में भी हुई थी वारदात
भोपाल यश भारत। करोंद स्थित भैरव बाबा मंदिर में बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर दान पेटी चोरी कर ले गए। वारदात 26 अक्टूबर की रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में रहने वाले पुजारी दिनेश पचौरी ने बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे शयन आरती के बाद मंदिर बंद कर वे अपने कमरे में सोने चले गए थे। रात में आवाज सुनकर बाहर आए तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। मंदिर के अंदर जांच करने पर दुर्गा मंदिर के सामने रखी दान पेटी गायब मिली।
दान पेटी करीब एक साल से नहीं खोली गई थी इसलिए उसमें रखी रकम का पता नहीं है।
एक महीने पहले भी चोरी
पुजारी के मुताबिक, करीब एक महीने पहले परिसर के शिव मंदिर की दान पेटी भी चोरी हुई थी। पुलिस दोनों घटनाओं के संबंध में जांच कर रही है।







