कल आएंगे एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के नतीजे, छात्रों का इंतजार खत्म
सीएम मोहन यादव सीएम हाउस से जारी करेंगे परीक्षा परिणाम

भोपाल,यशभारत। माध्यमिक शिक्षा मंडल के विद्यार्थियों का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम बुधवार, 15 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे मोहन यादव भोपाल स्थित सीएम हाउस से परीक्षा परिणाम जारी करेंगे। परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से देख सकेंगे।
विद्यार्थी mpbse.nic.in, mpresults.nic.in और mpbse.mponline.gov.in वेबसाइट के साथ-साथ एमपीबीएसई एवं एमपी मोबाइल ऐप के जरिए भी अपने परिणाम आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। कटनी जिले में इस वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। कक्षा 12वीं में 11,463 नियमित और 724 स्वाध्यायी, जबकि कक्षा 10वीं में 13,783 नियमित एवं 604 स्वाध्यायी छात्रों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। परिणाम घोषित होने को लेकर छात्रों में उत्साह और उत्सुकता का माहौल बना हुआ है। सभी की निगाहें अब बुधवार सुबह 11 बजे पर टिकी हैं, जब उनके परिश्रम का परिणाम सामने आएगा।







