पारस की मौत के बाद घंटों जाम रहा व्हीकल मोड़, बुलडोजर कार्रवाई की मांग, देखे वीडियो —–

जबलपुर,यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर में भंडारे के दौरान हुए विवाद में चाकू और लाठी-डंडों से हमला किए जाने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। हमले में घायल पारस यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने व्हीकल मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
.रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, रविवार रात आजाद नगर में भंडारे के दौरान विवाद हुआ था। इसमें पारस यादव सहित कई लोग घायल हुए थे। सभी को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया था, जहां पारस की हालत गंभीर बनी हुई थी। सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच तेज कर दी है।
भंडारे के आयोजन पर मांगे पांच हजार रुपये
पुलिस को दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर, मरघटाई के पीछे आजाद नगर गोकलपुर में भंडारा चल रहा था। रविशंकर गोटिया अपने साथियों गंगा ठाकुर और बबलू तिवारी के साथ मंदिर के सामने सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान समीर वंशकर का बेटा यश तेज गति से बाइक लेकर निकला। भंडारे में लोगों की मौजूदगी के कारण उसे वाहन धीरे चलाने के लिए कहा गया। इसी बात पर विवाद हुआ और यश वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद समीर वंशकर अपने साथियों रोहित, यश और छोटू के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने मोहल्ले में कार्यक्रम आयोजित करने के बदले पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी हमला किया गया। आरोप है कि समीर ने चाकू से पप्पू बर्मन और अनुज कोल को घायल किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किया। इस दौरान पारस यादव समेत कई लोग चोटिल हुए थे।
छह आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने मामले में समीर वंशकर, रोहित, यश, छोटू सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और लाठी बरामद किए गए हैं। पारस की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।







