रंगनाथ मन्दिर के पीछे अवैध प्लाटिंग, सरकारी जमीन को बेचने का आरोप, नगर निगम आयुक्त से शिकायत, कार्रवाई की मांग

कटनी, यशभारत। नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत एक बार फिर अवैध प्लाटिंग जोर-जोर से शुरू हो गई है। कतिपय लोगों द्वारा जमीन का ले-आउट बनाकर प्लाटिंग की जा रही है। इस तरह के कई मामले सामने आने के बाद भी नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नही की जा रही है। ताजा मामला मुड़वारा तहसील के अंतर्गत हल्का टिकरिया रंगनाथ नगर मंदिर के पीछे का सामने आया है, जहां अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही है। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों द्वारा आपत्ति भी दर्ज कराई जा रही है। मामले में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार को एक शिकायत भी दी गई है, जिसमे कहा गया है कि जिस जमीन पर प्लाटिंग की जा रही है, वो सरकारी है। राम निवास सिंह वार्ड निवासी विकास तिवारी ने नगर निगम आयुक्त को दी गई शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा कि हल्का टिकरिया रंगनाथ मंदिर के पीछे भरत सोनी निवासी मसुरहा वार्ड, अभिनंदन सरावगी निवासी गुरूनानक वार्ड एवं सुरेश साहू निवासी आचार्य कृपलानी वार्ड, माधवनगर द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग कर जमीनों का विक्रय किया जा रहा है, जो कि एक सरकारी भूमि है। हल्का टिकारिया के अन्तर्गत खसरा नंबर 1271/1 व 1271/4 ग्राम मुड़वारा, हल्का मुड़वारा का खसरा में जमीनों की रजिस्ट्री भी की जा रही है, जबकि 1271/1 और 1271/4 में कोई भी रिक्त भूमि मौजूद नहीं है। संपूर्ण भाग में मकान बने हुए हैं और कब्जा सरकारी भूमि में अवैध रूप से दे रहे हैं। इस मामले में निगमायुक्त से कार्रवाई की मांग की गई है।







