Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

यशभारत ब्रेकिंग : महाकाली के स्वागत मंचों पर कटे-फटे तारों से दौड़ रहा था करंट, विद्युत विभाग ने काटे कनेक्शन, देखे वीडियो….

जबलपुर, यशभारत। शहर के रामपुर चौक के समीप पड़ाव वाली माता महाकाली के स्वागत के लिए बनाए गए मंचों पर विद्युत सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। स्वागत मंचों पर कटे-फटे तारों के जरिए लाइटिंग की जा रही थी और डीजे भी चलाए जा रहे थे। आम लोगों की आवाजाही के बीच इस तरह बिजली का इस्तेमाल गंभीर हादसे का कारण बन सकता था। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सभी संबंधित स्वागत मंचों के बिजली कनेक्शन तत्काल कटवा दिए।

विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा के नेतृत्व में टीम ने जब मौके का निरीक्षण किया, तो कई स्वागत मंचों पर सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी सामने आई। लाइटिंग और टेंट डेकोरेटर्स द्वारा कटे-फटे तारों के सहारे मंचों पर विद्युत व्यवस्था संचालित की जा रही थी। इन्हीं कनेक्शनों से रोशनी के साथ डीजे भी चलाया जा रहा था। मंचों के आसपास लोगों की आवाजाही बनी हुई थी, जिससे करंट फैलने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद संबंधित स्वागत मंचों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। विभाग द्वारा नियमों की अनदेखी कर विद्युत व्यवस्था संचालित करने वाले लाइट डेकोरेटर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।

मझौली हादसे के बाद भी नहीं लिया सबक

गौरतलब है कि जिले के मझौली थाना क्षेत्र में माता महाकाली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग करंट लगने से झुलस गए थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद विद्युत विभाग द्वारा दुर्गा उत्सव और प्रतिमा विसर्जन से जुड़े आयोजनों में विद्युत सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

विभाग ने पहले ही दुर्गा उत्सव समितियों और आम नागरिकों को चेतावनी दी थी कि बिजली के तारों, अस्थायी कनेक्शनों और लाइटिंग की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इसके बावजूद स्वागत मंचों पर कटे-फटे तारों का इस्तेमाल सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है। समय रहते विद्युत विभाग की टीम ने कार्रवाई कर संभावित दुर्घटना का खतरा टालने का प्रयास किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button