यश भारत भोपाल।

वियर इट पिंक डे पर एम्स भोपाल ने दिया स्तन कैंसर जागरूकता का संदेश
समय पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और मरीजों को भावनात्मक सहयोग देने की अपील
भोपाल यश भारत। स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस बीमारी से जूझ रहे मरीजों के प्रति सहयोग की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से एम्स भोपाल ने 23 अक्टूबर को वियर इट पिंक डे के अवसर पर जागरूकता संदेश दिया। इस अवसर पर लोगों से सही स्वास्थ्य जानकारी साझा करने स्तन कैंसर के लक्षणों को गंभीरता से लेने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने की अपील की गई। एम्स भोपाल ने बताया कि गुलाबी रंग स्तन कैंसर जागरूकता का प्रमुख प्रतीक है। स्तन में नई गांठ, त्वचा में बदलाव, स्तन के आकार में परिवर्तन या निप्पल से असामान्य स्राव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस तरह का कोई भी नया या असामान्य बदलाव दिखाई देने पर डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है।
उम्र और जोखिम के आधार पर तय होती है स्क्रीनिंग
एम्स भोपाल के अतिरिक्त प्रोफेसर एवं शल्य कैंसर विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने कहा कि वियर इट पिंक डे का उद्देश्य लोगों तक स्तन कैंसर से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाना और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्तन में किसी भी नए या असामान्य बदलाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग यानी बीमारी का शुरुआती स्तर पर पता लगाने के लिए की जाने वाली जांच की जरूरत और समय हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है। यह व्यक्ति की उम्र, व्यक्तिगत जोखिम और डॉक्टर की सलाह पर निर्भर करता है। डॉ. कुमार ने कहा कि स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों को भावनात्मक एवं व्यावहारिक सहयोग देना भी बेहद महत्वपूर्ण है। सही जानकारी समय पर चिकित्सकीय परामर्श और परिवार व समाज का सहयोग बीमारी से लड़ने के इस सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







