मासूम की चीखें खेतों में दफन: खेत में मिला नाबालिग बालिका का शव, गले पर चोट के निशान; हत्या?

मंडला । मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। बालिका के गले पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव का पोस्टमार्टम नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की टीम ने किया।
पुलिस के अनुसार, बालिका बुधवार रात करीब 10 बजे तक परिवार के साथ घर पर थी। इसके बाद परिवार के लोग सो गए। सुबह उसका शव खेत में मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। निवास एसडीओपी पीएस वालरे के अनुसार, बालिका के गले पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि बालिका घर से खेत तक किन परिस्थितियों में पहुंची। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और मामले से जुड़े सुराग तलाश रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







