नरबलि की आशंका : चबूतरे पर मिला नवजात का शव, आस्था के केंद्र पर खौफ का साया

रीवा ।सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पारन टोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारेन टोला स्थित चुन्हाई कुआं और बाबू चक्की के समीप बने लगभग 50 वर्ष पुराने प्राचीन सन्यासी बाबा के चबूतरे पर एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।

श्रद्धा और आस्था के केंद्र सन्यासी बाबा के चबूतरे पर नवजात का शव मिलने से स्थानीय रहवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का अनुमान है कि नवजात शिशु की मृत्यु कहीं और हुई होगी, जिसके बाद कोई अज्ञात व्यक्ति साक्ष्य छिपाने या किसी अन्य मंशा से शव को यहां छोड़ गया। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा इस घटना को अंधविश्वास और ‘नरबलि’ जैसी संदिग्ध गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, पुलिस व प्रशासन ने नरबलि जैसी बातों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने नवजात के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी निशा मिश्रा ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है।
पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को धार्मिक स्थल पर लाकर किसने रखा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया या क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाने की अपील की है।







