कश्मीर, नॉर्थ ईस्ट और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति: अमित शाह 31 दिसंबर 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य, पुलिस बलों से मिलकर अभियान चलाने की अपील

कश्मीर, नॉर्थ ईस्ट और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति: अमित शाह
31 दिसंबर 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य, पुलिस बलों से मिलकर अभियान चलाने की अपील
भोपाल, यश भारत नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा के सामने लंबे समय से चुनौती बने कश्मीर नॉर्थ-ईस्ट और नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति का माहौल है। उन्होंने इन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई और उनके प्रयासों की सराहना की। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिसकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके बलिदान और समर्पण को देश हमेशा याद रखेगा।
नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
गृह मंत्री ने देश में नशे के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 दिसंबर 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी पुलिस बलों और संबंधित एजेंसियों को मिलकर समन्वित प्रयास करने होंगे। शाह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस की भूमिका अहम है। इसके लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने और सामूहिक प्रयासों के जरिए निर्धारित लक्ष्य की दिशा में काम करने की जरूरत है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।






