त्रिकूट पर्वत पर आस्था के बीच तेंदुआ की दस्तक: मां शारदा धाम के रोपवे टावर-3 पर बैठा दिखा, अलर्ट….. देखें पूरा वीडियो

मैहर। मां शारदा धाम में नवरात्रि के विशेष पर्व पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर से लगे वन क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी ने दर्शनार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रोपवे से यात्रा कर रहे लोगों ने टावर नंबर-3 के पास फाउंडेशन पर बैठे तेंदुए का वीडियो बनाया, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ पिछले करीब छह महीने से मंदिर के आसपास के वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग को उसकी गतिविधियों की पर्याप्त जानकारी है। विभाग ने तेंदुए की निगरानी के लिए क्षेत्र में 20 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और उसकी मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है।
निगरानी के बीच सुरक्षा बड़ी चुनौती
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए तेंदुए की उपस्थिति सतर्कता की मांग करती है। हालांकि, पिछले छह महीनों में तेंदुए के कारण किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। इसके बावजूद रोपवे मार्ग और मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। अब निगाहें वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और एहतियाती कदमों पर टिकी हैं, ताकि आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।







