24 अक्टूबर से तीन दिवसीय जबलपुर प्रवास पर रहेंगे मोहन भागवत

जबलपुर,यशभारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 24 से 26 अक्टूबर तक तीन दिवसीय जबलपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और स्वयंसेवकों तथा अलग-अलग दायित्वों पर कार्यरत पदाधिकारियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन करेंगे। प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यों की समीक्षा और समसामयिक विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
प्रवास के पहले दिन 24 अक्टूबर को डॉ. भागवत जबलपुर महानगर में निवासरत मुख्य शिक्षक और उनसे ऊपर के दायित्वों पर कार्यरत संघ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान संगठन के कार्यों और गतिविधियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। 25 अक्टूबर को सरसंघचालक महाकौशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में शामिल होंगे। यहां वे युवा स्वयंसेवकों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन करेंगे।
प्रवास के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को डॉ. भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महाकौशल प्रांत की कार्यकारिणी और विभाग टोली के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, विभिन्न समसामयिक विषयों और आगामी कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
तीन दिवसीय प्रवास के दौरान स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के साथ संगठनात्मक कार्यों को लेकर चर्चा प्रमुख रूप से केंद्र में रहेगी।







