रसोईया बहनों को चार महीने से नहीं मिला वेतन, लघु वेतन कर्मचारी संघ ने जिला पंचायत सीईओ से की मुलाकात

कटनी, यशभारत। मप्र लघु वेतन कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि 14 अक्टूबर को प्राथमिक माध्यमिक शाला में मिड डे मील का कार्य करने वाली रसोइयां बहनों, मध्यान्ह भोजन बनाने वाले स्व सहायता समूह को नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने के चार महीने बाद भी मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। संघ ने जिला पंचायत सीईओ से मुलाकात कर रसोईया बहनों के मानदेय भुगतान के लिए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रत्येक माह समय पर भुगतान के लिए अनुरोध किया गया। चर्चा के दौरान बताया गया कि जुलाई का मानदेय भुगतान के लिए बैंकों को भेज दिया गया है। शेष माह की राशि इसी माह के अंत तक भुगतान की जाएगी। पूर्व में भी संघ के द्वारा रसोइयाँ बहनों के मानदेय हेतु ज्ञापन पत्राचार किया गया है तो संघ के ज्ञापन पत्राचार पर कार्यवाही कर समय पर भुगतान हुआ है, जिसकेलिए संघ ने सीईओ का आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत कलेक्टर से मुलाकात कर कर्मचारी हितैषी मुद्दों पर चर्चा करते हुए ढीमरखेड़ा तहसील में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के समयमान वेतनमान आदेश जारी करने के लिए अनुरोध किया गया। बताया गया कि 8 वर्षों से केवल कागजी कार्यवाही चल रही है किंतु विभागीय डीपीसी नहीं होने के कारण कर्मचारी उक्त लाभ से वंचित हो रहा है। इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके, उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, नीलेश पौराणिक, उपाध्यक्ष रसोईया प्रकोष्ठ अध्यक्ष रत्ना ठाकुर, भागीरथ तिवारी, बालकदास, नरेश राठौर, ललिता चौधरी, दयाशंकर साकेत अन्य उपस्थित रहे।







