भोपालमध्यप्रदेश

ऑटो चालक से मारपीट कर वाहन और नकदी की लूट

ऑटो चालक से मारपीट कर वाहन और नकदी की लूट

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी बुधवार सुबह देखने को मिली। बर्रई गांव के पास बेखौफ बदमाशों ने सब्जी मंडी जा रहे एक 60 वर्षीय ऑटो चालक को रास्ते में रोककर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसका पर्स और ऑटो भी लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लहारपुर एक्सटेंशन में रहने वाले रामसिंह राय  पेशे से ऑटो चालक हैं। बुधवार सुबह वे अपने एक साथी के साथ सब्जी मंडी जाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही उनका ऑटो बर्रई गांव के पास पहुंचा, तीन बदमाशों ने उनके वाहन का रास्ता रोक लिया।

ऑटो रुकते ही उनमें से एक बदमाश ने खुद को हिस्ट्रीशीटर अजय गोल्डन बताते हुए इलाके का बड़ा बदमाश होने का रौब दिखाया और रामसिंह से जबरन रुपए की मांग की। जब रामसिंह ने पैसे देने से इनकार किया, तो अजय गोल्डन और उसके साथियों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी उनकी जेब से नकदी से भरा पर्स छीनने के बाद उन्हें जबरन ऑटो से नीचे उतार कर वाहन लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कटारा हिल्स थाना पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ लूट का गंभीर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजय गोल्डन और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस अब मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button