सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सुरक्षा पर फोकस, भीड़ नियंत्रण, रूट डायवर्जन एवं सुगम यातायात के लिए रोडमैप तैयार, पुलिस कप्तान ने टीम के साथ किया शहर का भ्रमण, देखी व्यवस्थाएं

कटनी, यशभारत। नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले गरबा नृत्य, श्री रामलीला एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने नगर के विभिन्न प्रमुख दुर्गा पंडालों, धार्मिक स्थलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों का पैदल भ्रमण कर बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने माधवनगर थाना चौराहा, तांगा स्टैंड, रामलीला ग्राउंड, मिशन चौक, आजाद चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, खेरमाई मंदिर, रामलीला गोल बाजार, चौपाटी, मुड़वारा सिविल लाइन चेकिंग पॉइंट, बाबा घाट, एनकेजे बजरिया, दुर्गा चौक, गर्ग चौराहा, घंटाघर, जालपा मंदिर, चांडक चौक, बस स्टैंड, पन्ना तिराहा, कृषि उपज मंडी एवं इंद्रा नगर सहित नगर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन बनाएं
निरीक्षण के दौरान एसपी ने आयोजन स्थलों पर संभावित भीड़ के दृष्टिगत आवश्यक पुलिस बल की तैनाती, सुगम यातायात व्यवस्था, प्रभावी भीड़ प्रबंधन तथा आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए प्रमुख स्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। एसपी ने विभिन्न आयोजन समितियों एवं प्रमुख कार्यक्रमों के आयोजकों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
नागरिकों की सुविधा का फोकस
एसपी ने आयोजनों के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए । कटनी पुलिस द्वारा नवरात्र पर्व के दौरान शांतिए कानून व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सतत निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान एएसपी कमल मौर्य, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अनिमेष द्विवेदी एवं यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।







