जबलपुरभोपालमध्यप्रदेश

15 करोड़ के लोन का झांसा देकर मप्र, यूपी और बंगाल के कई व्यवसायियों को लगाया लाखों का चूना; पुलिस खंगाल रही आपराधिक नेटवर्क

जबलपुर, यशभारत। करोड़ों रुपये का लोन दिलाने के नाम पर झांसा देने वाले और रुपये मांगने पर शूटरों से जान से मारने की धमकी देने वाले शातिर ठग बृजेश तिवारी का जाल अब अंतरराज्यीय स्तर पर बेनकाब हो रहा है। मदन महल पुलिस द्वारा मुंबई के अंधेरी वेस्ट से गिरफ्तार कर लाए गए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी बृजेश ने जबलपुर ही नहीं, बल्कि बंगाल और प्रयागराज में भी कई लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। आरोपी खुद को प्रभावशाली धर्मगुरुओं और प्रशासनिक अधिकारियों का करीबी बताकर कम ब्याज पर बिना गारंटी लोन दिलाने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस व स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर मोटी रकम ऐंठता था।

आरोपी के फर्जीवाड़े का दायरा बेहद व्यापक है

द्द शिक्षामित्र/संस्थान संचालक से ठगी: प्रयागराज के एक शिक्षण संस्थान को डीम्ड यूनिवर्सिटी बनाने के लिए 3500 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने 71.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीडि़त को भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने जनवरी में कैश वैन और 49 करोड़ रुपये के फर्जी डिमांड ड्राफ्ट की तस्वीरें भेजी थीं।
द्द बंगाल में भी आपराधिक केस: आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल में चेक बाउंस का मामला दर्ज है। पुलिस अब अन्य राज्यों से संपर्क कर उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

जबलपुर के टेंट व्यवसायी को भी बनाया शिकार

जबलपुर के होटल व्यवसायी संजय भाटिया (नीटू) से 15 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर बृजेश ने 9 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। जब उसने बाकी 6 लाख रुपये ऐंठने का दबाव बनाया, तो होटल व्यवसायी को शक हुआ। पड़ताल करने पर पता चला कि आरोपी ने टेंट व केटरिंग व्यवसायी शिल्पेश शिवहरे से भी लोन के नाम पर 3.5 लाख रुपये ठगे थे। रुपये वापस मांगने पर आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट कर पीडि़तों में दहशत फैलाता था और धमकी देता था कि उसकी पहुंच ऊपर तक है तथा वह शूटर भेजकर हत्या करवा देगा। मदन महल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी जिन घातक हथियारों के साथ फोटो खिंचवाता था, वे उसे कहां से उपलब्ध हुए। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के खिलाफ शिकायत करने वालों की संख्या और ठगी की कुल रकम में भारी इजाफा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button