मुख्य ख़बरें

जबलपुर का ऐतिहासिक इलाहाबाद चौक अब बना ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’, महापौर की पहल पर नगर निगम ने बदली सूरत सिविल लाइन स्थित चौराहे और पार्क को दिया गया आकर्षक व सुसज्जित रूप, 2047 के स्वर्णिम भारत के संकल्प की दिलाएगा याद

जबलपुर। शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को नई दिशा देते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ की अनुशंसा पर नगर निगम द्वारा सिविल लाइन स्थित इलाहाबाद बैंक के सामने के चौराहे का नामकरण ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ किया गया है। राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में नगर निगम की यह एक बेहद अनूठी और सराहनीय पहल मानी जा रही है। नगर निगम प्रशासन द्वारा इस ऐतिहासिक चौराहे पर विधिवत नामकरण पट्टिका भी स्थापित कर दी गई है, जो इस मार्ग से गुजरने वाले शहरवासियों और राहगीरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने बताया कि यह नामकरण नागरिकों, विशेषकर युवाओं को वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की निरंतर याद दिलाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चौक केवल एक भौगोलिक पहचान भर नहीं है, बल्कि यह सामाजिक कर्तव्य और सेवा भावना का एक जीवंत केंद्र बनेगा। चौक के नाम में ‘सेवा’ और ‘संकल्प’ जैसे पवित्र शब्दों को शामिल कर शहरवासियों को यह संदेश दिया गया है कि जनभागीदारी और निस्वार्थ सेवा ही किसी भी शहर व देश के समग्र विकास की वास्तविक नींव होती है।

महापौर श्री अन्नू ने आगे बताया कि नाम के अनुरूप ही इस चौराहे और उससे सटे पार्क को और अधिक सुंदर, आकर्षक तथा सुसज्जित स्वरूप देकर आगे विकसित किया जाएगा। नगर निगम द्वारा नाम पट्टिका लगाए जाने के साथ ही इस पूरे क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, बेहतर यातायात प्रबंधन और व्यवस्थित विकास की रूपरेखा को भी विशेष बल मिलेगा। गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के कुशल मार्गदर्शन में सिविल लाइन स्थित इलाहाबाद बैंक के सामने के चौराहे को पूर्व से ही बहुत सुंदर और व्यवस्थित रूप से विकसित किया गया है, जो वर्तमान में भी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। आने वाले समय में इसे और भी भव्य तथा सर्वसुविधायुक्त रूप प्रदान किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button