‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, मालवीय चौक पर फूंके मोदी-शाह-ज्ञानेश के पुतले… देंखे वीडियो
SIR खत्म करने और इस्तीफे की मांग

जबलपुर,यश भारत। वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन बुधवार को जबलपुर में भी देखने को मिला। टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा से पैदल मार्च निकालकर कांग्रेस कार्यकर्ता मालवीय चौक पहुंचे, जहां विरोध प्रदर्शन के बाद पुतला दहन किया गया। आंदोलन को लेकर इंडिया गठबंधन ने एक दिन पहले ही कार्यक्रम की घोषणा की थी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने आरोप लगाया कि देश में कथित वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों के खिलाफ विपक्ष लगातार आंदोलन कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीनों के पुतले दहन किए जाने की बात कही।
SIR खत्म करने और इस्तीफे की मांग
सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, SIR प्रक्रिया समाप्त नहीं की जाती और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की घोषणा नहीं होती, तब तक इंडिया गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगे भी गठबंधन के घटक दल बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर है। देशभर में इंडिया गठबंधन द्वारा इसी मुद्दे पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।







