13 वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत: परिजनों का हत्या का आरोप, पुलिस ने कहा- जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति

रीवा । पनवार थाना क्षेत्र में 4 अक्टूबर से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव गजरी नदी में मिला। इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक निवासी चौर, की परिजन तलाश कर रहे थे। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और रामबाग चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। तो वहीं दूसरी ओर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मृतक 4 अक्टूबर को लापता हो गया था। इसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को गजरी नदी में उसका शव मिला। सूचना पर पनवार पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रामबाग चौराहे पहुंचे। यहां आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर उन्होंने चक्काजाम कर दिया। इससे चौराहे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







