भाजपा विधायक के बंगले पर चोरी, एक्टिवा और सिलेंडर समेट ले गए

भाजपा विधायक के बंगले पर चोरी, एक्टिवा और सिलेंडर समेट ले गए
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अति-सुरक्षित माने जाने वाले पॉश इलाके 45 बंगला में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास का ताला तोड़ दिया। लंबे समय से बंद पड़े इस बंगले की रेकी कर घुसे बेखौफ चोर घर में रखी एक्टिवा स्कूटर, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां तक उखाड़कर ले गए। घटना के समय विधायक और उनका परिवार शिवपुरी में था।
विधायक के भतीजे राजेश लोधी की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत के अनुसार, विधायक और उनके भतीजे गत 23 जुलाई को बंगले पर ताला लगाकर शिवपुरी चले गए थे। इसके बाद 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे जब राजेश लोधी भोपाल लौटे, तो बंगले के पीछे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर सामान गायब था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
वीआईपी इलाके में हुई इस चोरी ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते का सुराग मिल सके। पुलिस को आशंका है कि बंगले के खाली होने का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।






