कटनी

ऑटो से आया थाने और पेट्रोल डालकर लगा ली आग, जबलपुर में उपचार के दौरान मौत, कुठला थाने में घटना, पत्नी से पुलिस पूछताछ को लेकर था नाराज, मारपीट के आरोपों के बाद मामले की जांच शुरू

कटनी, यशभारत। चोरी के एक मामले में बेटे के जेल जाने और पत्नी को पुलिस पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से व्यथित होकर एक व्यक्ति ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना कुठला थाना परिसर में शुक्रवार की शाम को घटित हुई। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारी पूरे मामले की मॉनीटरिंग भी कर रहे हैं। इसके अलावा मामले की जांच भी कराई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में कुछ दिन पहले चोरी की एक वारदात हुई थी। मामले की पतासाजी के दौरान पुलिस ने दलपत पटेल के बेटे मोहित पटेल को गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। चोरी के माल की बरामदगी के लिए पुलिस ने न्यायालय से आरोपी मोहित पटेल का पुलिस रिमांड लिया था। गुरुवार को इंद्रानगर में हुई चोरी की घटना में कुठला पुलिस ने दलपत पटेल के बेटे मोहित पटेल को न्यायालय से पुलिस रिमांड लिया था। पीआर लेने के बाद आरोपी मोहित से पूछताछ की गई तो जिसमे उसने कुछ महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी थी। जिस आधार पर मोहित की मां को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था।
सीसीटीव्ही फुटेज की जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि महिला ने ही सुनार की दुकान पर जाकर चोरी का माल बेचा था, जिसके सीसीटीव्ही फुटेज भी मिले हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर महिला को भी मामले में आरोपी बनाया जा रहा था। जिसको लेकर दलपत पटेल नाराज था। पत्नी के खिलाफ कार्रवाई का विरोध कर रहा था। इसी दौरान दलपत आटो से कुठला थाने पहुंचा और थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। उसे जबलपुर रिफर किया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी अजाक अनिमेष द्विवेदी स्टाफ के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस पर दबाव बनाने के लिए दलपत पटेल ने आग लगाई।
कुठला थाने में हंगामें का वीडियो वायरल
कुठला थाना परिसर में एक व्यक्ति द्वारा आग लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अब अब थाना परिसर में हुए विवाद और तीखी बहस के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में घटना के बाद पीड़त पक्ष और कुठला पुलिस के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि आग लगाने की घटना के बाद दलपत पटेल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर रिफर किया गया। इसी दौरान थाना परिसर में मौजूद परिजनों और पुलिस के बीच घटना को लेकर बहस की स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप
मृतक की पत्नी ने कुठला थाना पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उसने पुलिसकर्मियों पर थाने में अपने साथ मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है। पुलिस की ज्यादती के कारण उसके पति ने आग लगा ली। परिजनों की मांग है कि पूरे मामले की न्यायिक या उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित थाना प्रभारी और जांच अधिकारी को तत्काल निलंबित या पद से हटाया जाए ताकि वे साक्ष्यों और गवाहों को प्रभावित न कर सकें।
इनका कहना है
कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रानगर में सितंबर के महीने में एक चोरी की वारदात हुई थी। इस मामले में जांच के बाद एक आरोपी लाला निषाद को पकड़ा गया था। दूसरा आरोपी मोहित पटेल जेल में था। गुरुवार को न्यायालय से पुलिस रिमांड लेकर कुठला पुलिस द्वारा पूछताछ की गई तो उसने बताया कि गहने किसी सुनार के यहां बेचा है। उसकी मां ने भी यही बात पुलिस को बताई। सुनार के यहां सीसीटीव्ही फुटेज में आरोपी की मां दिखी है। कुछ जेवर शुक्रवार को पति द्वारा लेकर आने की बात की गई थी, लेकिन जब वह पहुंचा तो उसने थाने में आग लगा ली। पुलिस कर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास किया। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
-अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button