Top-5जबलपुरमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

इंश्योरेंस की रकम के लालच में गर्भवती पत्नी की हत्या, पति ने दी थी पांच लाख की सुपारी

जबलपुर, यशभारत। इंश्योरेंस की लाखों रुपये की रकम हासिल करने के लालच में एक पति ने अपनी दो महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए पति ने अपने साथी के साथ मिलकर तीन लोगों को पांच लाख रुपये की सुपारी दी। आरोपियों ने लोडिंग वाहन से पहले महिला की एक्टिवा को टक्कर मारी और फिर उसके सिर के ऊपर से वाहन चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी। शुरुआत में मामला सड़क हादसा नजर आया, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने सुपारी लेकर वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पति प्रयास पांडे और उसका साथी मानसिंह अभी फरार हैं।

4 सितंबर को हादसे के रूप में सामने आई थी घटना

पाटन निवासी 24 वर्षीय कविता चौधरी एलआईसी में काम करती थी। वह करीब दो माह की गर्भवती थी। 4 सितंबर 2026 को कविता अपनी एक्टिवा से जबलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक लोडिंग वाहन ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन का पहिया कविता के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का लगा, लेकिन पुलिस को जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य मिले, जिनसे दुर्घटना को लेकर संदेह गहराया। पुलिस ने घटना की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं तो सामने आया कि हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।

2024 में हुई थी लव मैरिज

1790958329 Jabalpur Pregnant Woman Murder Case

पुलिस जांच के अनुसार कविता मूल रूप से नरसिंहपुर जिले की रहने वाली थी। वर्ष 2022 में उसकी पहचान पाटन निवासी प्रयास पांडे से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और वर्ष 2024 में दोनों ने लव मैरिज कर ली। प्रयास स्टाम्प वेंडर का काम करता है। शादी के बाद प्रयास को कथित तौर पर पता चला कि कविता के नाम पर इंश्योरेंस पॉलिसी है और सड़क हादसे में उसकी मौत होने पर बड़ी रकम मिल सकती है। पुलिस के मुताबिक इसी लालच में उसने पत्नी की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी।

दोस्त को बताया इंश्योरेंस का राज, फिर रची साजिश

प्रयास ने अपने करीबी साथी मानसिंह लोधी को पत्नी के इंश्योरेंस से मिलने वाली रकम के बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने मिलकर कविता की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक हत्या को हादसे का रूप देने के लिए पाटन के चौधरी मोहल्ला निवासी रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी से संपर्क किया गया और उन्हें पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई।
साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक लोडिंग वाहन 11 महीने के एग्रीमेंट पर लिया, ताकि वारदात के बाद इसे सामान्य वाहन दुर्घटना बताया जा सके।

लोकेशन मिलते ही घेर लिया, फिर सिर के ऊपर चढ़ा दिया वाहन

पुलिस जांच में सामने आया कि 4 सितंबर को कविता एक्टिवा से घर से निकली तो प्रयास और मानसिंह उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। दोनों ने सुपारी लेने वाले आरोपियों को कविता की लोकेशन दी। इसके बाद लोडिंग वाहन से उसका पीछा कर वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपियों ने पहले कविता की एक्टिवा को टक्कर मारी और उसके गिरते ही जानबूझकर लोडिंग वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना को इस तरह अंजाम दिया गया कि वह सामान्य सड़क दुर्घटना नजर आए।

तीन गिरफ्तार, पति और साथी की तलाश

 पुलिस ने जांच के दौरान साजिश का खुलासा करते हुए रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में कविता का पति प्रयास पांडे और उसका साथी मानसिंह लोधी फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button