धर्म ज्योतिषमुख्य ख़बरें

‘जादुई’ हैंडपंप: लगातार निकल रहा पानी, ग्रामीणों में कौतूहल,पानी के फव्वारे जैसा नजारा देखने उमड़ी लोगों की भीड़…. देखें पूरा वायरल वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र के खापा ग्राम में दोपहर एक हैंडपंप से लगातार पानी निकलने की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल बन गया। बताया गया कि हैंडपंप के आसपास से अचानक लगातार पानी निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में इसकी जानकारी गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हैंडपंप मे चारों तरफ  पानी बाहर निकल रहा था। पानी लगातार बहने के कारण कुछ समय के लिए मौके पर फव्वारे जैसी स्थिति दिखाई देने लगी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है।

घटना के बाद ग्रामीणों के बीच इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। गांव के कुछ लोग इसे असामान्य घटना बताते हुए चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि जानकारों का कहना है कि जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ने, भूमिगत जलस्तर में बदलाव या हैंडपंप की पाइपलाइन एवं आसपास की संरचना में तकनीकी स्थिति के कारण भी इस तरह पानी बाहर निकल सकता है।

धूमा के गोविंद साहू का कहना है कि हैंडपंप या उसके आसपास से लगातार पानी निकलने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए स्थल का निरीक्षण, हैंडपंप की पाइपलाइन की जांच तथा आसपास के भूजल स्तर और जमीन की स्थिति का परीक्षण जरूरी होता है। केवल पानी निकलने की घटना के आधार पर इसे किसी असाधारण या चमत्कारिक घटना के रूप में मानना उचित नहीं होगा।

फिलहाल ग्रामीणों की नजर पीएचई विभाग की जांच पर है। विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण करने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हैंडपंप से लगातार पानी निकलने के पीछे प्राकृतिक कारण है या हैंडपंप की तकनीकी संरचना से संबंधित कोई समस्या। घटना का वीडियो और तस्वीरें भी ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button