बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा , स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार वनाधिकार और मनरेगा को लेकर सरकार पर उठाए सवाल

बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा
स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार वनाधिकार और मनरेगा को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
भोपाल यश भारत । नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को बालाघाट पहुंचे और कुपोषण व विभिन्न बीमारियों के कारण बच्चों को खो चुके आदिवासी परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से बातचीत कर बच्चों की मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मीडिया से चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीमारी और कुपोषण के कारण कई बच्चों की मौत हुई है, लेकिन प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि कई परिवार अभी भी मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि जिन परिवारों को सरकारी सहायता की आवश्यकता है उन्हें समय पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

जमीन और वनाधिकार का मुद्दा भी उठाया
राहुल गांधी ने आदिवासी परिवारों की जमीन पट्टे और वनाधिकार कानून के तहत मिलने वाले अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई परिवारों के अधिकार और पट्टे के मामले लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने आदिवासियों को उनके अधिकार दिलाने की बात कही। मनरेगा को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि योजना का नाम बदल दिया गया है लेकिन काम बंद पड़ा है। उन्होंने ग्रामीण और आदिवासी परिवारों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।

सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार विकास की बात करती है जबकि जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों को जब सरकार की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब सरकारी तंत्र प्रभावी रूप से वहां मौजूद नहीं दिखाई देता।
अस्पताल स्कूल और रोजगार व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
कांग्रेस ने सरकार से आदिवासी क्षेत्रों में अस्पतालों और स्कूलों की व्यवस्था मजबूत करने, मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने तथा पात्र आदिवासी परिवारों को जमीन के पट्टे और वनाधिकार कानून के तहत उनके अधिकार देने की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत का मामला गंभीर है और वे इस घटना के साथ देशभर में आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय के मुद्दे को लोकसभा में उठाएंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल सीईसी सदस्य ओमकार मरकाम आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया प्रदेश सह प्रभारी उषा नायडू विधायक संजय उइके विधायक अनुभा मुंजारे विक्की पटेल पूर्व मंत्री मुकेश नायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कावरे सहित कांग्रेस के नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहें।







