Top-5जबलपुरमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

यशभारत ब्रेकिंग : स्कूली वैन को कार ने मारी जोरदार टक्कर, आठ बच्चे घायल, देखे वीडियो …..

जबलपुर, यशभारत। गढ़ा थाना क्षेत्र के गढ़ापुरवा रोड पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों को स्कूल से लेकर लौट रही एक स्कूली वैन को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में वैन में सवार आठ बच्चे घायल हो गए, जिनमें तीन छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक धनवंतरी नगर स्थित ब्रिटिश स्कूल की स्कूली वैन रोजाना की तरह गुरुवार को बच्चों को स्कूल से लेकर उनके घरों की ओर लौट रही थी। जैसे ही वैन गढ़ापुरवा रोड के समीप पहुंची, इसी दौरान सामने से आई कार ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

हादसे की सूचना मिलते ही गढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया। तीन बच्चों को गंभीर चोटें होने के कारण चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां बच्चों को घायल देखकर परिजनों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया।

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button