5 अक्टूबर तक निराकरण नहीं हुआ तो भोपाल में बड़े आंदोलन की चेतावनी

5 अक्टूबर तक निराकरण नहीं हुआ तो भोपाल में बड़े आंदोलन की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती वर्ग 3 के मेरिट होल्डर चयनित अभ्यर्थियों की लंबित समस्या का अब तक निराकरण नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। 16 सितंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में मेरिट होल्डर चयनित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने वल्लभ भवन में शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एवं लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखा था। अभ्यर्थियों के अनुसार 16 सितंबर से 30 सितंबर तक करीब दो सप्ताह बीत चुके हैं लेकिन उनके मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे चयनित अभ्यर्थियों में निराशा और असंतोष की स्थिति बनी हुई है। मेरिट होल्डर चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि वे भर्ती प्रक्रिया में चयनित होने के बावजूद लंबे समय से नियुक्ति और जॉइनिंग की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने शासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि उनके लंबित 25/08/2025 प्रकरण का शीघ्र निराकरण करते हुए नियुक्ति एवं जॉइनिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। अभ्यर्थियों ने शासन को आगामी एक दो दिनों में ठोस निर्णय लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 5 अक्टूबर 2026 को भोपाल में बड़े आंदोलन का आयोजन किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित आंदोलन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। उनका कहना है कि 16 सितंबर को दिए गए आश्वासन को अमल में लाते हुए चयनित अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
मुख्य मांग:
मेरिट होल्डर चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों के लंबित 25/08/2025 प्रकरण का शीघ्र निराकरण कर नियुक्ति एवं जॉइनिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।






