कटनी

किसान के बैंक खाते से पार किए 99 हजार, हर दिन हो रही साइबर ठगी की वारदातें, जांच में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ऑनलाइन साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम पहरूआ निवासी एक किसान के बैंक खाते से 99 हजार की राशि ट्रांसफर कर ली गई। खाते से रकम निकलने का मैसेज मिलने के बाद पीडि़त को ठगी का पता चला। शिकायत मिलने पर ढीमरखेड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम पहरूआ निवासी रामकृपाल प्रजापति पिता तेजीलाल प्रजापति के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई। आरोप है कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने उन्हें झांसे में लेकर उनके यूपीआई के माध्यम से बैंक खाते से 99 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम कटने का संदेश मोबाइल पर आने के बाद पीडि़त को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क करने के साथ ही ढीमरखेड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) एवं 308 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब उस बैंक खाते और यूपीआई आईडी की जानकारी जुटा रही है, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई। आरोपी तक पहुंचने के लिए साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन की पूरी ट्रेल खंगाली जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button