हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए चार मजदूर, महिला की हालत गंभीर
निर्माणाधीन भवन में सरिया उठाते समय हुआ हादसा, तीन मजदूरों की हालत सामान्य

जबलपुर, यश भारत। संजीवनी नगर थाना अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र की जजूजा सिटी में सोमवार को निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे चार मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला मजदूर गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि तीन अन्य पुरुष मजदूरों की हालत सामान्य बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल महिला मजदूर की पहचान सुनीता प्रजापति के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन में हाईटेंशन लाइन के नीचे सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री रखी हुई थी। मजदूर सरिया उठाने का काम कर रहे थे, इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई और करंट प्रवाहित होने से चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

लाइन के नीचे सामग्री रखने पर उठे सवाल
विद्युत विभाग के एई टीएलएम जबलपुर जितेंद्र तिवारी ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के नीचे सरिया जैसी निर्माण सामग्री रखना नहीं चाहिए। उनके अनुसार, प्रथम दृष्टया लापरवाहीपूर्वक काम करने के कारण हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि इसी स्थान पर पहले भी दो-तीन हादसे हो चुके हैं। निर्माणकर्ता को पूर्व में नोटिस देने के साथ समझाइश भी दी गई थी, इसके बावजूद लाइन के नीचे सामग्री रखी गई।
अधिकारी ने कहा कि भवन निर्माण से जुड़ी अनियमितताओं के संबंध में वे कुछ नहीं कह सकते, लेकिन हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण सामग्री का भंडारण किया जाना उचित नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







