1912 पर शिकायत दर्ज, लेकिन आगे नहीं पहुंचती सुचना उपभोक्ता परेशान
मेंटेनेंस अधिकारियों तक के नहीं उठाते फोन

जबलपुर, यश भारत। शहर के स्थानीय क्षेत्र में बिजली विभाग की शिकायत व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्र के रहवासी पिछले 3-4 दिनों से बिजली संकट से परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली गुल होने के बाद विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद शिकायत संबंधित अधिकारी या मैदानी अमले तक फॉरवर्ड नहीं हो रही है। इसके चलते समस्या का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं पहुंच रही सूचना
स्थानीय लोगों का कहना है कि 1912 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद उन्हें यह उम्मीद रहती है कि शिकायत संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों तक पहुंचेगी और इसके आधार पर सुधार कार्य शुरू होगा। लेकिन शिकायत आगे फॉरवर्ड नहीं होने से मैदानी स्तर पर समस्या की जानकारी ही नहीं पहुंच रही है। रहवासियों के मुताबिक कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़े मेंटेनेंस अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया जा रहा है। लगातार कई दिनों से बिजली नहीं होने के कारण घरों और दुकानों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि समस्या गंभीर होने के बावजूद विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
शिकायत व्यवस्था पर उठे सवाल
रहवासियों ने मांग की है कि 1912 पर दर्ज शिकायतों को तत्काल संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों तक पहुंचाया जाए और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए मैदानी अमले को भेजा जाए। लगातार कई दिनों तक बिजली संकट बने रहने से उपभोक्ताओं में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।





