पान की दुकान पर खौफ का कट्टा: रेत कारोबारी पर अंधाधुंध फायरिंग, छूकर निकली मौत

सतना। शहर के भंजवा मोहल्ले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक रेत कारोबारी पर अज्ञात युवक ने कट्टे से गोली चला दी। फायरिंग में कारोबारी संजय अग्रवाल घायल हो गए। गोली उनकी जांघ को छूकर निकल गई। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि संजय अग्रवाल अपने बेटे अंकित के साथ बिरला अस्पताल से लौट रहे थे। इसी दौरान भंजवा मोहल्ले में वे एक पान की दुकान पर रुके। आरोप है कि वहां मौजूद एक युवक ने नशे की हालत में संजय से गाली-गलौज शुरू कर दी। बेटे अंकित ने विरोध करते हुए युवक को फटकार लगाई। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और युवक ने कथित तौर पर कट्टा निकालकर संजय की ओर फायर कर दिया।
गोली संजय की जांघ को छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। अंकित और कुछ अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते समय आरोपी ने कथित तौर पर तीन हवाई फायर भी किए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। घायल संजय अग्रवाल का बयान दर्ज किया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फायरिंग करने वाले युवक की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।







