हाईवे पर काल बनी रफ्तार: बांदरी के रजवास में दो हादसों में 2 युवकों की दर्दनाक मौत, कई घायल

सागर, यशभारत l बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रजवास नेशनल हाईवे पर शनिवार को सड़क हादसों ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। एक ही इलाके में कुछ ही अंतराल पर हुई दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रक और कार की भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
पहला हादसा रजवास हाईवे पर उस समय हुआ जब मालथोन की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान शेर सिंह आदिवासी (निवासी बनरोटा) और मिथिला आदिवासी (निवासी तिगरा खुर्द) के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
कुछ ही दूरी पर ट्रक-कार की भिड़ंत
अभी पुलिस व प्रत्यक्षदर्शी पहले हादसे को संभाल ही रहे थे कि रजवास क्षेत्र में ही दूसरा हादसा हो गया। सागर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार सवार कुछ लोग घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
लगातार दो हादसों की सूचना मिलते ही बांदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा और घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता का माहौल है।







