पत्रकार कॉलोनी में फायरिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

पत्रकार कॉलोनी में फायरिंग करने वाले आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
भोपाल,यशभारत। राजधानी के टीटी नगर थाना क्षेत्र स्थित पत्रकार कॉलोनी में बीती रात हवाई फायर कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वर्चस्व और आपसी विवाद को लेकर हुई इस वारदात के बाद एक्शन में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पत्रकार कॉलोनी निवासी विशाल शर्मा 23 सितंबर की शाम करीब 6 बजे क्षेत्र में मौजूद थे, तभी उनका विवाद संदीप, राहुल और उनके अन्य साथियों से हो गया था। बहस देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने विशाल के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से देशी पिस्टल से हवाई फायर कर दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना की सूचना पर टीटी नगर पुलिस ने फरियादी विशाल शर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी संदीप, राहुल और उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। मामले की जांच कर रहे सउनि दुबे और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।







